मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रमुख छठ घाटों का दौरा किया, सभी सरकारी मदद का दिया आश्वासन
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
23 October 2025
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि राजधानी में इस बार छठ महापर्व को दिवाली जैसी भव्यता के साथ मनाया जाएगा. यमुना नदी के किनारे 17 मॉडल छठ घाट बनाए जा रहे हैं. जिससे श्रद्धालु साफ-सुरक्षित वातावरण में पूजा कर सकें.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली के सभी प्रमुख छठ घाटों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि समस्त दिल्ली शहर में करीब 1500 घाटों पर छठ पूजा होगी. सीएम गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सरकार का फोकस सफाई और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर है. इसके लिए सफाई अभियान की शुरुआत की गई है. इसमें सांसद, विधायक और पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों पर जाकर सफाई अभियान चलाएंगे.
उन्होंने कहा कि यमुना किनारे छठ पूजा करने पर दर्ज सभी पुराने केस वापस लिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि 2021 में पिछली सरकार ने कई श्रद्धालुओं के खिलाफ धारा 188 (सार्वजनिक आदेश उल्लंघन) के तहत एफआईआर दर्ज की थी.
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस साल दिल्ली के हर जिले में एक-एक मॉडल छठ घाट बनाया जाएगा. यहां मैथिली और भोजपुरी भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे. इस साल छठ पर्व 25 से 28 अक्टूबर तक मनाया जाएगा.