इंदौर के बाद दिल्ली में भी पेयजल के सैंपल फेल
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
3 January 2026
इंदौर में दूषित पानी की वजह से मौतों के बीच दिल्ली में भी पेयजल के सैंपल फेल होने का मामला सामने आया है. जिसके बाद कांग्रेस आक्रामक रूख अपनाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस्तीफे की मांग की है.
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के तहत 25 टेस्टिंग लेब होने के बावजूद सिर्फ 2 लैब ही ग्लोबल स्टैंडर्ड सर्टिफाईड हैं. जो दिल्ली की 3 करोड़ जनता के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है. गत 11 से 18 दिसंबर के बीच जल शोधन संयत्रों से लिए गए सैंपल में 33 सैंपल स्वच्छ जल की शुद्धता में फेल पाए गए हैं. भलस्वा, जनकपुरी, अशोक नगर, नांगलोई कालोनी, चंदर नगर सहित कई क्षेत्रों में गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान हैं.
देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा की सरकारें जनता की चिंता छोड़ अपने स्वार्थ साधने के लिए काम कर रही हैं. इंदौर में दो दिन पहले दूषित पानी की सप्लाई के कारण लगभग 15 लोगों की मौत पर भाजपा नेता पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं. जबकि 200 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं.
उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के पास पीने के पानी और गंदे पानी की टेस्टिंग लैब एक्रेडिटेशन के मामले पिछड़े हुए हैं. 25 टेस्टिंग लैब में सिर्फ 2 लैब हैदरपुर और वजीराबाद की टेस्टिंग लैब ही ग्लोबल स्टैंडर्ड सर्टिफाईड हैं. जबकि दिल्ली जल बोर्ड लैब ने अक्टूबर में अपना एक्रेडिटेशन खो दिया था. जिसके कारण दिल्ली में सही मॉनिटरिंग और पब्लिक हेल्थ को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है.