जेएनयू छात्रसंघ चुनाव में फिर छात्रों ने कहा ” लाल सलाम “
दिल्ली आजकल ब्यूरो @ दिल्ली
7 November 2025
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू ) में एक बार फिर छात्र संघ चुनाव में वामपंथी संगठनों की जीत हुई है. लेफ्ट पैनल ने केंद्रीय पैनल के चारों पदों पर जीत दर्ज की है. एबीवीपी ने पिछले साल संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की थी. लेकिन इस बार लेफ्ट पैनल ने उससे यह सीट फिर वापस छीन ली है.
अध्यक्ष पद पर अदिति मिश्रा को जीत मिली है. उन्होंने 1937 वोट हासिल कर एबीवीपी के विकास पटेल को 449 वोटो से हराया है. उपाध्यक्ष पद पर केगोपीका ने जीत दर्ज की है. उन्होंने एबीवीपी की तान्या कुमारी को हराया है. महासचिव पद पर सुनील यादव ने एबीवीपी के राजेश्वर दुबे को हराया है. संयुक्त सचिव पद पर दानिश अली ने जीत दर्ज की है. इस पद पर पिछले साल एबीवीपी ने जीत दर्ज की थी. लेकिन इस बार लेफ्ट पैनल ने एबीवीपी से यह सीट वापस छीन ली.
लेफ्ट पैनल के विजेता दल ने कहा कि उनकी जीत शिक्षा में निजीकरण के खिलाफ हुई है. इसके अलावा देश में बढ़ते सामाजिक भेदभाव, रोजगार की कमी और धार्मिक उन्माद को लेकर भी छात्रों ने अपना विरोध दर्ज कराया है.