पिछली सरकार की वजह से रुका विकास – उपराज्यपाल
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
5 January 2026
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली की प्रदूषण जैसी कई समस्याओं के लिए पूर्ववर्ती केजरीवाल सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत पर उपराज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा शहर की बिगड़ती वायु गुणवत्ता और अन्य समस्याओं के लिए पिछली सरकार की 11 साल की उपेक्षा और निष्क्रियता” जिम्मेदार है. उन्होंने दिल्ली के विकास में आई बाधा के लिए भी केजरीवाल की सरकार को कटघरे में खड़ा किया.
उपराज्यपाल ने दावा किया कि मौजूदा भाजपा सरकार इन समस्याओं का समाधान करने का हर संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने धूल नियंत्रण पर ध्यान नहीं दिया और राजनीतिक फायदे के लिए ‘ब्लेम गेम’ खेला. जबकि वर्तमान सरकार समाधान के लिए काम कर रही है. लेकिन उसे पिछली गलतियों को सुधारने में समय लग रहा है.
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा, “विधानसभा सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है और मुझे बहुत खुशी है कि सरकार ने पिछले 10 महीनों में दिल्ली में बहुत काम किया है. कई पुरानी समस्याएं हैं जिनका सरकार सामना कर रही है. लेकिन मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में नतीजे दिखेंगे. दिल्ली में प्रदूषण की समस्या है, यमुना नदी की सफाई की समस्या है. सड़कों की समस्या है जिन्हें लंबे समय तक नज़रअंदाज़ किया गया था. इन सभी चीज़ों में समय लगता है. सरकार तत्परता से काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने पहली बार एक लाख करोड़ रुपये का बजट पास किया है. प्रशासनिक सुधारों के तहत 75 डिजिटल सेवाएं शुरू की गई हैं और ई-ऑफिस प्रणाली लागू की गई है.
स्वास्थ्य क्षेत्र को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में बताते हुए एलजी ने कहा कि कुल बजट का 13 प्रतिशत हिस्सा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवंटित किया गया है. जो अन्य क्षेत्रों की तुलना में सर्वाधिक है. आयुष्मान योजना के तहत 188 अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं और अब तक 19,287 मरीजों का इलाज किया जा चुका है. एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कई कदम उठाए गए हैं.