दिल्ली विधानसभा ने पंजाब पुलिस को नोटिस जारी किया
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
10 January 2026
दिल्ली विधानसभा ने पंजाब के डीजीपी, जालंधर पुलिस कमिश्नर और स्पेशल डीजीपी साइबर सेल को नोटिस जारी कर 48 घंटे में जवाब देने के निर्देश दिए हैं.
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर और संवैधानिक महत्व का है जो सदन की गरिमा और अधिकारों से जुड़ा है.
दिल्ली विधानसभा में एक वीडियो क्लिप को लेकर विवाद हुआ था, जिसे पंजाब सरकार ने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था. पंजाब पुलिस ने इस वीडियो क्लिप के आधार पर दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ एक FIR दर्ज की है. जिसे दिल्ली विधानसभा ने अपने विशेषाधिकार का उल्लंघन माना है.
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा, “यह मामला केवल एक व्यक्ति या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है. सदन की संपत्ति का दुरुपयोग करना और इस आधार पर किसी मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि अत्यंत गंभीर और निंदनीय भी है. उन्होंने कहा कि सदन अपने अधिकारों और विशेषाधिकारों की रक्षा करना जानता है. किसी भी कीमत पर सदन की गरिमा, उसकी संपत्ति और संवैधानिक मर्यादा के साथ समझौता नहीं करेगा.