दिल्लीवासियों के लिए खुशखबरी! LPSC माफी योजना की अवधि 15 अगस्त तक बढ़ी
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
31 January 2026
दिल्ली सरकार की LPSC माफी योजना को जनता से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है. इस योजना ने पारदर्शी प्रशासन और न्यायपूर्ण बिलिंग सुधारों को लेकर नागरिकों का भरोसा मजबूत किया है. अब तक 3.30 लाख से अधिक उपभोक्ता इसका लाभ उठा चुके हैं. जिसके तहत लगभग 1,500 करोड़ का ब्याज माफ किया गया है. जबकि 430 करोड़ से अधिक की मूल राशि 29 जनवरी तक वसूल की जा चुकी है.
जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने बताया कि योजना को ऐतिहासिक जनसमर्थन मिला है. उन्होंने कहा, “दिल्ली के नागरिक सही बिल देना चाहते हैं और पारदर्शी व्यवस्था का साथ देना चाहते हैं. LPSC योजना को मिली प्रतिक्रिया साबित करती है कि जब सिस्टम निष्पक्ष होता है तो लोग जिम्मेदारी से आगे आते हैं.
दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक अब तक:
- 3,30,908 उपभोक्ता योजना से जुड़ चुके हैं
- ₹430.26 करोड़ मूल बकाया वसूल किया गया है
- ₹1,493.70 करोड़ यानी करीब ₹1,500 करोड़ ब्याज माफ किया गया है
सरकार ने इसे दिल्ली जल बोर्ड के इतिहास में सबसे बड़ा सुधारात्मक प्रयास बताया है. अधिकारियों का कहना है कि गलत बिलिंग और वर्षों की लापरवाही के कारण नागरिकों पर भारी ब्याज का बोझ पड़ा था. जिसे अब खत्म किया जा रहा है.