दिल्ली जल बोर्ड का ZRO कार्यालय नरेला से रोहिणी ट्रांसफर हुआ
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
21 January 2026
रोहिणी की जनता को स्थानीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बड़ी राहत प्रदान की है. उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड के जोनल रिवेन्यू ऑफीसर, ZRO, का कार्यालय रोहिणी में स्थानांतरित करा दिया है. पहले यह कार्यालय नरेला में था. जिससे रोहिणी के लाखों निवासियों को पानी के बिल से संबंधित समस्या होने पर नरेला जाना पड़ता था.

यह बताया जा रहा है कि रोहिणी के जल बोर्ड कार्यालय को नरेला ले जाने के बाद स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी. जब इसकी जानकारी स्थानीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को हुई. उसके बाद उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड के कार्यालय को नरेला से वापस रोहिणी में स्थानांतरित करा दिया. यह कार्यालय अब सेक्टर 6 में कार्य कर रहा है. रोहिणी सेक्टर 24 के स्थानीय निवासी परमिंदर सोलंकी ने कहा कि रोहिणी में 1 से लेकर 35 सेक्टर तक है. पहले दिल्ली जल बोर्ड का कार्यालय रोहिणी में ही था. लेकिन फिर अचानक से इसे नरेला ले जाया गया. जिसकी वजह से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही थी. लोगों की समस्या देखने और समझने के बाद स्थानीय विधायक विजेंद्र गुप्ता के प्रयास से दिल्ली जल बोर्ड का कार्यालय एक बार फिर रोहिणी आ गया है. जिससे लोगों को राहत हुई है. हालांकि यहां पर स्टाफ की कमी की वजह से लोगों को भीड़ का सामना करना पड़ रहा है. इसको लेकर भी विधायक से अनुरोध किया गया है कि वह यहां पर स्टाफ बढ़ाने के साथ ही ऑटोमेटिक क्योसक लगाकर बिल जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए. जिससे जनता को इसका लाभ हो.