दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
26 August 2026
दिल्ली में तीन इंजन की सरकार होने के बावजूद प्रशासनिक व्यवस्था पर भाजपा के भीतर से ही सवाल उठने लगे हैं.
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने अपनी ही सरकार और एमसीडी अधिकारियों को कठघरे में खड़ा कर दिया है. गोयल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘क्या विडंबना है, एमसीडी और सरकार के अफसर काम नहीं कर रहे हैं. सांसद, विधायक और निगम पार्षद उनसे काम कराने के लिए गलियों-सड़कों के धक्के खा रहे हैं. कहीं से कूड़ा उठवा देते हैं तो लगता है बहुत बड़ा काम करवा लिया. ये नहीं देखते इन अफसरों के होते हुए कूड़ा होना ही क्यों था. उन्होंने कहा कि नाली, खड़ंजा, सड़क, सीवर, बिजली-पानी जैसी समस्याओं के लिए चुने हुए प्रतिनिधि अफसरों के सामने गिड़गिड़ाते हैं, फिर भी काम नहीं होते. फिर जनता को कौन पूछ रहा है?
गोयल के इस बयान को कांग्रेस ने लपक लिया. कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने हमला बोलते हुए कहा कि विजय गोयल जी क्या आप कह रहे हैं कि भाजपा नेता अपना प्रभाव खो चुके हैं? दिल्ली में तो 4 इंजन की सरकार है – केंद्र, राज्य, एमसीडी और एलजी. इसके बावजूद कमी है तो जिम्मेदार कौन है?
दत्त ने तंज कसा कि दिल्ली में फैसले एलजी के जरिए गृह मंत्री लेते हैं, तो क्या आप अफसरों की आड़ में एलजी और गृह मंत्रालय को निशाना बना रहे हैं? एक बात तय है कि भाजपा में भी वही बात चल रही है जो हम सालभर से कह रहे हैं – भाजपा से दिल्ली संभल नहीं रही है.