दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
17 September 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति द्वारा आयोजित “रन फॉर विकसित भारत” युवा दौड़ में सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गांधी स्मृति के उपाध्यक्ष विजय गोयल ने इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नेशनल ध्यानचंद स्टेडियम से प्रारंभ होकर यह दौड़ तीस जनवरी मार्ग स्थित गांधी स्मृति होते हुए वापस नेशनल ध्यानचंद स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर युवाओं को सम्बोधित करते हुए विजय गोयल ने कहा कि गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति द्वारा प्रातः 6 बजे आयोजित “रन फॉर विकसित भारत” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर इस देश में आयोजित होने वाला संभवतः पहला कार्यक्रम है। गोयल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस, सकारात्मक सोच, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रति उत्साह एवं जागरूकता पैदा करना है।

गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी की लगभग 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 2001 से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल तक विकास और जनसेवा को प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान, मेक इन इंडिया, डिजिटल सेवाओं का विस्तार, आत्मनिर्भर भारत, खादी एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन तथा बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के विस्तार जैसे अनेक राष्ट्रीय कार्यक्रमों को गति प्रदान की।

गोयल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी रेल सेवाओं, राजमार्गों, मेट्रो नेटवर्क और हवाई अड्डों के विस्तार के माध्यम से देश की कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

गोयल ने कहा कि “रन फॉर विकसित भारत” केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि देश के युवाओं के भीतर स्वस्थ जीवन, अनुशासन, सकारात्मक सोच और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और इस दौड़ के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया।

गोयल ने यह भी बताया कि दौड़ में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को टी-शर्ट और मेडल प्रदान किए गए, ताकि युवाओं का उत्साहवर्धन हो और वे फिटनेस तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।

गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी के स्वच्छता, जनभागीदारी और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के विचारों को अनेक सार्वजनिक अभियानों के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।

इस मौके पर समिति के निदेशक डॉ. संजीत कुमार और एशियाई मैराथन चैंपियन डॉ. सुनीता गोदारा मौजूद थे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *