मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का योगी अवतार, पहली बार इंडिया गेट पर दीप दीपावली में जलाए गए लाखों दिया
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में देश की दिल्ली में एक नया इतिहास लिखा गया. भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या की तरह देश की राजधानी में पहली बार कर्तव्य पथ पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि यह दीपोत्सव केवल दीपों का उत्सव नहीं है बल्कि नई क्रांति की आहट है. दिल्ली एक नया इतिहास लिखने जा रही है. जहां आस्था और आधुनिकता का संगम अद्भुत रूप में सामने आया है. राजधानी ने यह दिखा दिया कि दिल्ली अब केवल शासन की राजधानी नहीं बल्कि सांस्कृतिक चेतना की धड़कन भी है. श्रीराम के जीवन चरित्र का ड्रोन प्रदर्शन और दीपों का महासागर इस बात का प्रतीक है कि राजधानी दिल्ली अब सनातन परंपरा, देश की सांस्कृतिक समझ के साथ आगे बढ़ रही है. आजादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब कर्तव्य पथ पर सामूहिक रूप से दीपावली का आयोजन किया जा रहा है.

कर्तव्य पथ पर आयोजित इस दीपोत्सव में भव्य ड्रोन शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रामायण थीम आधारित लाइट कार्यक्रम ने उपस्थित हजारों दर्शकों को अभिभूत कर दिया.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस कार्यक्रम में भावविह्वल व श्रीराम की भक्ति से प्रेरित दिखीं. उन्होंने कहा कि वर्षों बाद दिल्ली का हृदय इस तरह दीपों की आभा से जगमगा उठा है. यह केवल रोशनी का उत्सव नहीं बल्कि दिल्ली की नई ऊर्जा, नई उम्मीद और नई दिशा का प्रतीक है. इस बार की दिवाली दिल्ली के हर वर्ग तक पहुची है. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से आज दिल्ली का प्रत्येक वर्ग लाभान्वित हो रहा है . उन्होंने कहा कि इस दिवाली बच्चों के चेहरों पर मुस्कान है. महिलाओं के घर में बचत है. युवाओं को नए अवसर हैं. बुजुर्गों को स्वास्थ्य का भरोसा है. हर नागरिक को अपने शहर पर गर्व है.