WhatsApp Image 2025-11-09 at 11.07.34 PM

भाजपा, कांग्रेस और आप ने एमसीडी उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया

दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
9 November 2025

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली नगर निगम उपचुनाव के लिए अपने 12 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चुनाव में भाजपा के पक्ष में एक तरफा परिणाम आएगा. दिल्ली नगर निगम की 12 सीटों पर उपचुनाव 30 नवंबर को होने हैं. इधर, आम आदमी पार्टी ने भी अपने सभी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. देर शाम कांग्रेस ने भी अपने सभी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया. प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि जनता यह जानती है कि कांग्रेस ही दिल्ली का विकास कर सकती है. इस बार जनता कांग्रेस को चुनेगी.

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ट्रिपल झूठी सरकार ( केंद्र सरकार – दिल्ली सरकार – दिल्ली नगर निगम )के झूठे वादों और जनता को ठगने की आदत से जनता त्रस्त हो चुकी है. जिस तरह से यमुना पर छठ पूजा जैसे पवित्र अवसर पर भी प्रधानमंत्री के लिए नकली घाट बना दिया गया था. उससे दिल्ली में रहने वाली पूर्वांचल की जनता के साथ ही अन्य नागरिक भी भाजपा से नाराज हैं. इस उप चुनाव में जनता अपना जवाब देगी. सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में यमुना अब भी मैली है. दिल्ली में वायु प्रदूषण की वजह से सांस लेना मुश्किल हो गया है. लेकिन दिल्ली सरकार झूठे आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह कर रही है. दिल्ली में बस के लिए आदमी बेबस हो गया है. लेकिन भाजपा कहती है कि दिल्ली में बस के लिए उसे सवारी ही नहीं मिल रही है. सभी बस खाली चल रही है. इन मुद्दों पर जनता अपना जवाब भाजपा को अपने वोट के द्वारा देगी. इस बार दिल्ली की सभी एक दर्जन नगर निगम की सीटों पर आम आदमी पार्टी की जीत होगी.

इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि उम्मीदवारों का चयन गहन चर्चा के बाद किया गया है. हमने यह सुनिश्चित किया है कि उम्मीदवारों का चयन योग्यता और जीत के मानदंडों के आधार पर किया जाए.
केंद्र, राज्य और एमसीडी में हमारे काम के आधार पर हम एकतरफा लहर के साथ जीतेंगे.

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *