दिल्ली सरकार का फरमान: आधे करो घर से काम, बाकी आओ दफ्तर
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
23 November 2025
दिल्ली सरकार ने दिल्ली में बेलगाम होते प्रदूषण के मद्देनजर दिल्ली के प्राइवेट दफ्तरों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. इसके तहत अब निजी संस्थान 50% कर्मचारियों के साथ ऑन-साइट काम करेंगे और बाकी कर्मचारी वर्क-फ्रॉम-होम कर सकेंगे.
सरकार ने प्राइवेट ऑफिसेज से अपील की है कि वे इस एडवाइजरी को सभी शाखाओं और टीमों तक पहुंचाएं और इसका पालन सुनिश्चित करें.फिलहाल दिल्ली में ग्रैप 3 के नियम लागू हैं.
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, GRAP 3 के दौरान दिल्ली सरकार हर जरूरी कदम तेज़ी से उठा रही है. हमारा फोकस साफ हवा, पब्लिक हेल्थ और ग्राउंड पर रियल टाइम मॉनिटरिंग का है.
इसके अलावा, दिल्ली सरकार पहले ही एमसीडी और दिल्ली सरकार के सभी दफ्तरों के लिए अलग अलग टाइमिंग लागू कर चुकी है. जो फरवरी 2025 तक जारी रहेंगी. एमसीडी दफ्तर सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगे. जबकि दिल्ली सरकार के दफ्तर 10 बजे से शाम6:30 बजे तक काम करेंगे. इससे पीक आवर्स में वाहनों की भीड़ कम होगी और प्रदूषण पर भी नियंत्रण रहेगा.
सिरसा ने बताया कि 2 हजार से ज़्यादा प्रवर्तन कर्मी दिल्ली सरकार की अलग-अलग एजेंसियों से मिलकर 24 घंटे ग्राउंड पर काम कर रहे हैं. अब तक 12 सौ से ज़्यादा कंस्ट्रक्शन साइट्स और प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों का निरीक्षण किया जा चुका है. इनमें से 200 से ज़्यादा को नोटिस दिए गए हैं और 50 साइट्स को तुरंत बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं.