Screenshot 2026-01-21 at 11.41.27 AM

शालीमार बाग में महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले गिरफ्तार

इंद्र वशिष्ठ

दिल्ली आजकल ब्यूरो , दिल्ली
20 January 2026

शालीमार बाग इलाके में 10 जनवरी को दिनदहाड़े रचना यादव (44) की गोली मारकर कर हत्या करने वाले अभियुक्तों को उत्तर पश्चिम जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पति की हत्या के मामले की अदालत में पैरवी करने और संपत्ति विवाद के कारण रचना की हत्या की गई.

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी एवं साजिशकर्ता भरत यादव निवासी भलस्वा गांव दिल्ली, भाड़े के हत्यारों निखिल निवासी गांव खंडरा और सुमित निवासी गांव बलजट्टन, जिला पानीपत, हरियाणा को गिरफ्तार किया है.

भरत यादव साल 2023 में रचना यादव के पति बिजेंद्र यादव की हत्या करने के बाद से भागा हुआ था. उस पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था. बिजेंद्र यादव की हत्या के मामले में चार आरोपी जेल में हैं.

रचना यादव अपने पति के हत्यारों को सज़ा दिलाने के लिए अदालत में लगातार पैरवी कर रही थी. जिससे आरोपियों को सज़ा होने का डर सताने लगा. इसलिए भरत यादव ने भाड़े के हत्यारों से रचना यादव की हत्या करा दी.

उत्तरी क्षेत्र के स्पेशल पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था) रवींद्र यादव ने बताया कि उत्तर क्षेत्र के ज्वाइंट कमिश्नर विजय सिंह और उत्तर पश्चिम जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर भीष्म सिंह की देखरेख में पुलिस टीम ने काफ़ी मशक़्क़त के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया.

पुलिस ने तफ्तीश के दौरान घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सैंकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए सबसे पहले रचना यादव को गोली मारने वाले निखिल की पहचान की.

इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल पर उस समय मौजूद मोबाइल फोनों के रिकॉर्ड का विश्लेषण भी किया.

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में मिली फोटो में गोली चलाने वाले संदिग्ध का चेहरा साफ दिखाई नहीं दिया तो पुलिस ने चेहरा पहचानने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई तकनीक की भी मदद ली. गोली चलाने संदिग्ध की पहचान पूरी तरह स्पष्ट और पुख्ता हो जाने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की.

पुलिस को मोबाइल फोन निगरानी और मोबाइल फोन रिकॉर्ड खंगालते हुए आरोपियों के कटिहार, बिहार में होने का पता चला. दिल्ली पुलिस ने बिहार पुलिस की मदद से जंगल में छिपे निखिल और भरत यादव को गिरफ्तार कर लिया.
इनसे पूछताछ में पता चला कि वारदात के समय सुमित मोटर साइकिल चला रहा था. इसके बाद सुमित को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया गया. वारदात में इस्तेमाल मोटर साइकिल और एक कार बरामद हो गई है. मोटर साइकिल सुभाष प्लेस क्षेत्र से चोरी की गई थी.

उत्तर पश्चिम जिले के एडिशनल पुलिस कमिश्नर भीष्म सिंह ने बताया बिजेंद्र यादव और भरत यादव दोनों भलस्वा गांव में पड़ोसी थे. दोनों ही आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए थे. दोनों पार्षद के टिकट के दावेदार भी थे. बिजेंद्र यादव के ख़िलाफ़ दस आपराधिक मामले दर्ज थे. राजनीति और गांव में वर्चस्व को लेकर दोनों में दुश्मनी थी.

भरत यादव ने बिजेंद्र यादव के भाई से ढ़ाई सौ गज का एक प्लाट खरीदा था. लेकिन उस पर बिजेंद्र यादव का कब्जा था. इसको लेकर दोनों में दुश्मनी थी. इस संपत्ति विवाद के कारण दोनों पक्ष एक-दूसरे को लगातार धमकियां दे रहे थे. भरत यादव ने 2023 में बिजेंद्र यादव की हत्या कर दी.

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *