दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
5 August 2026
रक्षाबंधन का त्योहार इस साल 28 अगस्त को मनाया जाएगा और इस मौके पर बहनों द्वारा भेजी जाने वाली राखियों को समय पर भाइयों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने कमर कस ली है. डाक विभाग, दिल्ली मंडल ने राखी डाक की बुकिंग के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. 22 अगस्त तक दिल्ली के 34 प्रमुख डाकघरों के साथ-साथ दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी विशेष राखी डाक बुकिंग काउंटर स्थापित किए जाएंगे. विभाग का मकसद है कि इस त्योहारी मौसम में राखी भेजने वालों को किसी तरह की दिक्कत न हो और डाक आसानी से बुक हो सके.
डाक विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आखिरी समय की भीड़ से बचने के लिए अपनी राखी तय समय से पहले ही भेज दें. जिन 34 डाकघरों में विशेष काउंटर लगाए जा रहे हैं उनमें दिल्ली प्रधान डाकघर, नई दिल्ली प्रधान डाकघर, अशोक विहार प्रधान डाकघर, सिविल लाइन्स, चाणक्यपुरी, दिल्ली छावनी, हौज खास, इंद्रप्रस्थ प्रधान डाकघर, जनकपुरी, कृष्णा नगर प्रधान डाकघर, करोल बाग, केशवपुरम, कालकाजी प्रधान डाकघर, लोदी रोड प्रधान डाकघर, लाजपत नगर, मालवीय नगर, मल्का गंज, मेहरौली, मायापुरी, नई सब्जी मंडी, नरैना औद्योगिक क्षेत्र प्रधान डाकघर, पटेल नगर, पश्चिम विहार, रमेश नगर प्रधान डाकघर, रोहिणी सेक्टर-7, आरके पुरम सेक्टर-5, डाक भवन, संसद मार्ग प्रधान डाकघर, सरोजिनी नगर प्रधान डाकघर, स्वामी राम तीर्थ नगर, सीलमपुर, श्रीनिवासपुरी, सरस्वती विहार और आरके पुरम मुख्य डाकघर शामिल हैं. इसके अलावा दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पारगमन डाकघर में भी राखी की बुकिंग की सुविधा मिलेगी.
त्योहार के दौरान राखी और अन्य जरूरी सामान की सुरक्षित और समय पर डिलीवरी के लिए डाक विभाग ने 24 घंटे और 48 घंटे की तेज डाक सेवा का उपयोग करने पर जोर दिया है. इन सेवाओं के तहत डिलीवरी की गारंटी दी जाती है और यदि तय समय में डिलीवरी नहीं होती है तो पैसे वापस करने की गारंटी भी उपलब्ध है. खासतौर पर 24 घंटे वाली तेज डाक सेवा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद जैसे छह बड़े महानगरों के लिए शुरू की गई है. यह सेवा दिल्ली के 35 नामित बुकिंग स्थानों पर उपलब्ध होगी. इनमें कश्मीरी गेट, बसंत लोक, एएमपीसी, मार्केट रोड, कृष्णा नगर प्रधान डाकघर, दिल्ली प्रधान डाकघर, नई दिल्ली प्रधान डाकघर, नरैना औद्योगिक क्षेत्र प्रधान डाकघर, डाक भवन का बुकिंग काउंटर, सफदरजंग का ई वाणिज्य केंद्र, इंद्रप्रस्थ प्रधान डाकघर, संसद मार्ग प्रधान डाकघर, कालकाजी प्रधान डाकघर, लोदी रोड प्रधान डाकघर, सरोजिनी नगर प्रधान डाकघर, सिविल लाइन्स उप डाकघर, लाजपत नगर उप डाकघर, मालवीय नगर उप डाकघर, नई फ्रेंड्स कॉलोनी उप डाकघर, ओखला औद्योगिक क्षेत्र उप डाकघर, दिल्ली छावनी उप डाकघर, हौज खास उप डाकघर, वसंत कुंज उप डाकघर, द्वारका सेक्टर-6 उप डाकघर, जनकपुरी बी-1 उप डाकघर, मायापुरी उप डाकघर और तिलक नगर उप डाकघर जैसे कार्यालय शामिल हैं.
डाक विभाग का कहना है कि इन विशेष व्यवस्थाओं से न सिर्फ राखी समय पर पहुंचेगी बल्कि ग्राहकों को तेज और भरोसेमंद सेवा भी मिलेगी. इसलिए दिल्ली वासियों से अनुरोध है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और अपनी राखी 22 अगस्त से पहले बुक करवा दें ताकि 28 अगस्त को यह त्योहार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके.