शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने “जल संगम से जन संगम” अभियान का किया शुभारंभ, सरदार पटेल के 150वें जयंती वर्ष पर एकता का संदेश
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
25 October 2025


सोनिया विहार यमुना घाट पर “जल संगम से जन संगम – एकता के उत्सव” का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया. जिसमें दिल्ली के सरकारी विद्यालयों के छात्रों और शिक्षकों सहित 150 उत्साही स्वयंसेवकों ने पवित्र यमुना जल एकत्र किया. यह एकत्रित यमुना जल देश भर की 25 सांस्कृतिक रूप से महत्त्वपूर्ण नदियों कश्मीर से कन्याकुमारी तक प्रवाहित किया जाएगा. जो राष्ट्रीय एकता और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है. इसके पश्चात उन नदियों से लाया गया पवित्र जल दिल्ली वापस लाया जाएगा. जहां 31 अक्तूबर 2025 को पटेल चौक स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर जल अभिषेक समारोह आयोजित किया जाएगा. जो इस ऐतिहासिक अभियान का समापन दिवस होगा.


शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि जब भारत आज़ाद हुआ तब 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर सरदार पटेल ने जो कार्य किया. वही राजनीतिक इच्छाशक्ति आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने दिखाई है. अनुच्छेद 370 को हटाकर भारत के भूगोल और हृदय दोनों को एक कर दिया है . सूद ने आगे कहा कि जिस ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सपना सरदार पटेल ने देखा था. वही आज प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत @2047” के रूप में जीवंत हो रहा है . उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में दिल्ली को ‘Mini India’ कहा था और आज का यह कार्यक्रम इस विविधता और एकता का जीवंत उदाहरण है.