अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सिरी फोर्ट सभागार में होगा भव्य आयोजन: विजय गोयल
दिल्ली आजकल ब्यूरो @ दिल्ली
22 December 2025
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 100 वीं जयंती के अवसर पर गांधी स्मृति एवं हेरिटेज इंडिया फाउंडेशन के तत्वाधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन 25 दिसंबर को सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में किया जा रहा है.
समारोह के मुख्य अतिथि भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन होंगे. लोकसभा अध्यक्ष ओमप्रकाश बिड़ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे.
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक, गांधी स्मृति के उपाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से निरंतर अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इस अवसर पर अटल जी के जीवन और विचारों पर आधारित “मैं अटल हूं” शीर्षक से एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.
गोयल ने बताया कि महात्मा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी, दोनों ही जिनसे सबसे अधिक प्रेरित थे, वे थे राजा सत्यवादी हरिश्चंद्र. इसी प्रेरणा को सामने लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र पर आधारित एक संगीतमय नाट्य प्रस्तुति भी की जाएगी.
उन्होंने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी न केवल तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे बल्कि वे उन महान विभूतियों में से थे जिनके जन्मदिवस को आज सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है.
उनकी प्रमुख उपलब्धियों में गोल्डन क्वाड्रिलेटरल राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना, देश की सुरक्षा को सशक्त करने हेतु परमाणु परीक्षण, शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं, कारगिल युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय, तथा 24 दलों के गठबंधन के साथ सफलतापूर्वक गैर-कांग्रेसी सरकार चलाकर सुशासन देना शामिल हैं. वे सदैव सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे. अटल जी न केवल एक श्रेष्ठ राजनेता थे बल्कि वे कवि, साहित्यकार, प्रभावशाली वक्ता, कुशल प्रशासक और अत्यंत संवेदनशील मानव भी थे. उनके भाषण सुनने के लिए करोड़ों लोग उत्सुक रहते थे.
गोयल ने बताया कि वे स्वयं युवावस्था से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में मंत्री पद तक अटल जी के साथ निकटता से जुड़े रहे. आज भी उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
गोयल ने कहा कि आज देश को अटल जी द्वारा दिखाए गए सुशासन, संवाद और समन्वय के मार्ग पर चलने की आवश्यकता है. जिससे युवा पीढ़ी को भी सशक्त प्रेरणा मिल सके.