जेएनयू छात्रसंघ चुनाव 4 नवंबर को
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
24 October 2025
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ( JNU ) छात्र संघ चुनाव 4 नवंबर को होगा. जेएनयू प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव समिति का गठन हाल ही में किया था. जिसने चुनाव कार्यक्रम को घोषित किया है.
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 24 अक्टूबर से शुरू होगी. इसी दिन प्रारंभिक मतदाता सूची जारी होगी. नामांकन फार्म 25 अक्टूबर को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जारी होंगे. जबकि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 27 अक्टूबर को सुबह 9:30 से शाम 5:00 तक चलेगी. इसके बाद सभी Valid Nomination सूची 28 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे प्रदर्शित की जाएगी. जबकि नाम वापसी दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक संभव होगा. छात्र संघ चुनाव में उम्मीदवारों की अंतिम सूची 28 अक्टूबर की शाम 7:00 बजे जारी की जाएगी और उसी रात 8:00 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के लिए स्थान आवंटित किया जाएगा. इसके बाद 29 से 31 अक्टूबर तक विभिन्न स्कूलों की जनरल बॉडी मीटिंग होगी.
जेएनयू में 1 नवंबर को विश्वविद्यालय सामान्य सभा आयोजित की जाएगी. जबकि जेएनयू के चुनाव में सबसे अहम और विख्यात अध्यक्षीय बहस का आयोजन 2 नवंबर को किया जाएगा.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कहा है कि वह चुनाव अकेले लड़ेगी. जेएनयू चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए काफी मेहनत कर रही है. लेकिन जेएनयू में हमेशा से वाम संगठन चुनाव में आगे रहे हैं. यहां पर वामपंथी छात्र संगठनों का वर्चस्व रहता है.