शर्मा एन्कलेव में बीजेपी और आप पार्टी के निक्कमेपन के कारण 10 हज़ार लोग परेशान – देवेंद्र यादव
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
21 January 2026
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बुधवार को किराड़ी विधानसभा में शर्मा एन्कलेव का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा और आप पार्टी के निक्कमेपन के कारण 10 हज़ार लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं.

उन्होंने कहा कि शर्मा एन्कलेव के लोगों की शिकायतें मिलने के बाद उनकी दयनीय स्थिति को देखने मैं यहां आया हूं. शर्मा एन्कलेव में हर गली में गंदा और प्रदूषित पानी भरा हुआ है. जिससे लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है.

देवेन्द्र यादव ने कहा कि यहां के आप पार्टी के विधायक की निष्क्रियता और दिल्ली नगर निगम द्वारा भलस्वा लैंडफिल का कूड़ा शर्मा एन्कलेव के नजदीक खाली पड़े डीडीए प्लाट में मलबा डालने से पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो गई है. जिससे कालोनी मैं पानी जमा होने से कई तरह की बीमारी का खतरा उत्पन्न हो गया है. जिससे यहां की 10 हजार की आबादी प्रभावित होकर बीमारियों का सामना कर रही है.
देवेन्द्र यादव ने दिल्ली की मुख्यमंत्री और दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है. जिससे यहां के लोगों को राहत मिल सके.
उन्होंने डीडीए प्लाट को लोगों के उपयोग के लिए पार्क या अन्य सार्वजनिक सुविधाएं देने के लिए विकसित करने का अनुरोध भी किया .