अभिनेता धर्मेंद्र को पद्म विभूषण और दिल्ली के पहले महानगर मुख्य पार्षद विजय कुमार मल्होत्रा को पद्म भूषण सम्मान
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
26 January 2026
केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है. इनमें से पांच पद्म विभूषण, 13 पदम भूषण और 113 पदमश्री पुरस्कार शामिल हैं. दिल्ली से चार लोगों को पद्म पुरस्कार दिए गए हैं. इसमें दिल्ली के पहले मुख्य महानगर पार्षद रहे प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा, एम जगदीश कुमार, आरवीएस मनी और राममूर्ति श्रीधर का नाम शामिल है.
प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा को जन सेवा के लिए ( मरणोपरांत ) पद्मभूषण सम्मान दिया गया है. इसके अलावा एम जगदीश कुमार, आरवीएस मनी और राममूर्ति श्रीधर को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है.
इसके साथ ही भारतीय सिनेमा के क्षेत्र में ही मैन के नाम से प्रसिद्ध रहे धर्मेंद्र को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है. अपने जीवन के अंत समय तक सिनेमा में सक्रिय रहने वाले धर्मेंद्र मूल रूप से पंजाब से थे. एक समय वह भारतीय सिनेमा के सबसे प्रसिद्ध अभिनेता थे. उनकी एक साथ 7 फिल्म सुपरहिट हुई थी. वह राजस्थान से भाजपा के सांसद भी चुने गए थे.
केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने वाले पहले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को सर्वोच्च वीरता सम्मान अशोक चक्र से सम्मानित किया है. उन्हें भी यह सम्मान गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिया गया है.
प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली में भाजपा का प्रमुख चेहरा रहे हैं. वह दिल्ली महानगर परिषद के मुख्य पार्षद भी रहे थे. वह पांच बार सांसद और दो बार विधायक भी रहे थे. वह दिल्ली में जनता पार्टी के पहले अध्यक्ष भी थे. इसके अलावा वह दो बार भाजपा दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष भी रहे हैं. उन्होंने आम चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी हराया था. वर्ष 2004 के विधानसभा चुनाव में वह दिल्ली में जीतने वाले भाजपा के अकेले विधायक थे.