मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, बजट बदल देगा दिल्ली की तस्वीर
दिल्ली आजकल ब्यूरो दिल्ली
1 February 2026
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट को दिल्ली की तस्वीर बदलने वाला करार दिया है. रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के बजट में कोई कटौती नहीं की गई है. इसके अलावा दिल्ली से वाराणसी के बीच हाई स्पीड रेल का भी ऐलान किया गया है. जो आने वाले समय में दिल्ली की तस्वीर बदलने वाला साबित होगा.
उन्होंने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव की ओर से बजट में घोषित 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर दी गई जानकारी का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली से वाराणसी के बीच हाई स्पीड रेल की घोषणा बजट में की गई है. जबकि वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी हाई स्पीड रेल का भी ऐलान किया गया है. ऐसे में दिल्ली हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के माध्यम से पूरे उत्तर और पूर्वी भारत से कनेक्ट हो जाएगी. जिसका लाभ दिल्ली को मिलेगा.

रेखा गुप्ता ने इसके साथ ही कहा कि AI और सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए भी बजट में घोषणा की गई है. इसके अलावा डाटा सेंटर के लिए भी बजट में बहुत बड़ा ऐलान किया गया है. यह सभी जानते हैं कि इंटरनेट कनेक्टिविटी, डाटा और कंप्यूटर आधारित कारोबार के लिए दिल्ली सर्वोत्तम स्थान है. ऐसे में बजट में की गई घोषणाओं का लाभ दिल्ली को होना निश्चित है. इससे दिल्ली में प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी. इसके अलावा दिल्ली में विकास भी तेजी से होगा.