दिल्ली के भाजपा विधायक के भतीजे से लूटपाट, उत्तर प्रदेश पुलिस ने नहीं लगाई गंभीर धाराएं
दिल्ली आजकल ब्यूरो,दिल्ली
23 January 2026
दिल्ली के एक विधायक के भतीजे के साथ इंदिरापुरम में लूटपाट करने का मामला सामने आया है. इस मामले में विधायक की भाभी और पीड़ित की मां ने शिकायत की है कि इंदिरापुरम पुलिस ने उनके बेटे के साथ हुई लूटपाट के मामले में गंभीर धाराओं की जगह हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. जब भाजपा के ही एक विधायक के परिजनों के साथ ऐसा किया जा रहा है तो आम आदमी के साथ पुलिस किस तरह का बर्ताव करती होगी.
पीड़ित की मां अनीता गोयल की ओर से यह आरोप लगाया जा रहा है कि विधायक अनिल गोयल के भतीजे के साथ साइबर ठगी का मामला हुआ है. उनको एक होटल में बुलाया गया. जहां उनकी जमकर पिटाई की गई. इसके बाद उनसे जबरन 10 लख रुपए ट्रांसफर करा लिए गए. पीड़ित की मां अनीता गोयल ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को पुलिस के नाम पर एक कॉल आया था. जिसमें यह कहा गया था कि उनके खिलाफ शिकायत आई है. उनको पुलिस थाना आना होगा. जिसके बाद उनका बेटा इंदिरापुरम गया. जहां से उसे एक होटल में बुलाया गया.
हालांकि इस मामले में इंदिरापुरम पुलिस का कहना है कि पीड़ित एक होटल में कसीनो गया था. जहां वह 50 लख रुपए हार गया था. इसके बाद ही यह विवाद शुरू हुआ है. यही वजह है कि पुलिस इस मामले की जांच करने के लिए पीड़ित से सवाल कर रही थी. जिसके उपरांत कथित पीड़ित की मां ने सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ आरोप लगाए हैं.