…….. तो सौरभ भारद्वाज ने रोका छठ पूजा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यमुना स्नान?
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
28 October 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यमुना पर बनाए गए नए वासुदेव घाट पर मंगलवार को छठ पूजा के अवसर पर स्नान के लिए नहीं पहुंचे. इस घाट को लेकर काफी राजनीतिक बवाल मचा हुआ था. आम आदमी पार्टी का दावा था कि यहां पर गंगा वॉटर सप्लाई का स्वच्छ पानी लाकर इसे भर गया था. जिससे प्रधानमंत्री साफ पानी में नहा सकें. इस घाट पर मिनरल वाटर भी डाला गया था. जिससे प्रधानमंत्री को किसी तरह की कोई समस्या ना हो. हालांकि भाजपा ने लगातार इन दावों और आरोपी का खंडन किया था.

भाजपा की ओर से यह संकेत दिए गए थे कि प्रधानमंत्री मंगलवार को यहां आकर छठ पूजा मनाएंगे. इस दौरान वह यहां पर स्नान भी करेंगे. जिसकी बाद आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रधानमंत्री और भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि यहां पर नकली यमुना घाट बना दिया गया है. प्रधानमंत्री के नहाने के लिए यमुना के साथ में एक नहर बना दी गई है. जिसमें दिल्ली में लोगों के पीने के लिए आने वाले गंगा वॉटर को डालकर भरा गया है. इसके साथ ही उसमें मिनरल वाटर भी डाला गया है. प्रधानमंत्री इस साफ और स्वच्छ जल से नहाएंगे. जबकि दिल्ली की जनता यमुना के गंदे और बदबूदार पानी में डुबकी लगाकर छठ पूजा करेगी.
प्रधानमंत्री जब मंगलवार को यहां पूजा करने नहीं पहुंचे तो उसके बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर फिर हमला शुरू कर दिया. उसने कहा कि सौरभ भारद्वाज की ओर से सच्चाई दिखाने के बाद ही प्रधानमंत्री ने यहां आने का अपना कार्यक्रम बदल दिया है. इससे यह साफ हो गया है कि प्रधानमंत्री के लिए मिनरल वाटर से भरा एक नकली घाट बनाया गया था.