दिल्ली नगर निगम ने कटरा नील में दुकान सील की
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
24 October 2025
दिल्ली में अदालत के आदेश के बाद एक बार फिर सीलिंग शुरू हो गई है. दिल्ली नगर निगम ने चांदनी चौक के कटरा नील बाजार की गली घंटेश्वर में कई दुकानों को सील कर दिया है.
यहां के दुकानदारों का कहना है कि उन्हें दिल्ली नगर निगम से नोटिस मिला था. जिसका उन्होंने जवाब भी दे दिया था. लेकिन उसके बावजूद उनकी दुकान सील कर दी गई है. वहीं, दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि जिन दुकानों को सील किया गया है. वे घरेलू क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियां चलाने का कार्य कर रहे थे. जिसकी वजह से नियमों का उल्लंघन हो रहा था. अदालत के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है.

दिल्ली हिंदुस्तानी मर्केंटाइल एसोसिएशन के महासचिव श्रीभगवान बंसल ने कहा कि स्थानीय व्यापारी नेता और चांदनी चौक के भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल के साथ सभी व्यापारियों ने बैठक की थी. उन्होंने यह भरोसा दिया था कि कोई भी दुकान सील नहीं होगी. लेकिन उसके बावजूद कई दुकानों को सील कर दिया गया है. बंसल ने कहा कि शादी और त्योहार के सीजन में यह कदम व्यापारियों के कारोबार पर बड़ा झटका है. उन्होंने कहा कि व्यापारियों का स्टॉक अब दुकान में फंस गया है. जिससे व्यापारियों को दोगुना नुकसान होगा.