ई-रिक्शा को भी लेनी होगी स्टार रेटिंग, सरकार बना रही नियम
सड़कों पर अफरातफरी, जाम और दुर्घटना की वजह बनते ई रिक्शा जल्द ही नए नियमों के दायरे में आने वाले हैं. इसमें बैठने वाली सवारी की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सरकार ई-रिक्शा के लिए कड़े सुरक्षा मानक बनाने वाली है. ई रिक्शा की सुरक्षा श्रेणी के आधार पर उसे स्टार रेटिंग प्रदान की जाएगी. हर ई रिक्शा के लिए यह जरूरी होगा कि वह सुरक्षा मानक के अनुरूप स्टार रेटिंग को अपने ई रिक्शा पर प्रदर्शित करें.
यह बताया जा रहा है कि यह नियम अगले एक से दो महीने में आ सकते हैं. जिसके बाद बिना स्टार रेटिंग वाला कोई भी नया ई रिक्शा सड़क पर नहीं चल पाएगा. जो भी नए रिक्शे आएंगे. उनके लिए स्टार रेटिंग लेना जरूरी होगा. हालांकि सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि पहले से चल रहे ई रिक्शा के लिए भी क्या उसे अपग्रेड करते हुए स्टार रेटिंग लेनी होगी. यह बताया जा रहा है कि स्टार रेटिंग के तहत सवारी के बैठने की जगह से लेकर ई रिक्शा में हेडलाइट, बैकलाइट के अलावा दुर्घटना की स्थिति में होने वाले नुकसान के आकलन के आधार पर रेटिंग दी जाएगी.