एमसीडी के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
1 November 2025
दिल्ली नगर निगम के संविदा कर्मचारियों ( PH ) की हड़ताल खत्म हो गई है. इसके लिए दिल्ली नगर निगम अधिकारियों और उनके बीच पिछले कई हफ्तों से बातचीत चल रही थी. यह बताया जा रहा है कि इस हड़ताल के खत्म होने के पीछे सबसे बड़ी भूमिका दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह की है. उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिया है कि उनके साथ कोई भी अन्याय नहीं होगा.

दिल्ली नगर निगम के एमटीएस ( PH ) संविदा कर्मचारी पिछले काफी दिनों से हड़ताल पर थे. उनकी मांगों पर विचार के लिए गठित कमेटी ने कहा है कि उनकी जायज मांगों पर कानून के दायरे में पूर्ण विचार किया जाएगा. कर्मचारियों की सभी जायज और तर्कसंगत मांग को पारदर्शी और सही तरीके से पूरा करने के लिए कदम उठाए जाएंगे.
इस समस्त चर्चा के दौरान सदन के नेता प्रवेश वाही, अध्यक्ष पर्यावरण प्रबंधन सेवा समिति संदीप, अध्यक्ष स्वास्थ्य समिति मनीष चड्ढा और अध्यक्ष मलेरिया समिति नीता बिष्ट लगातार उपस्थित रहे.

राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के एमटीएस ( PH ) कर्मचारी दिल्ली के पब्लिक हेल्थ सिस्टम की असली ताकत हैं. उनकी दिन-रात की मेहनत और समर्पण की वजह से ही दिल्ली के लाखों लोगों को दिल्ली नगर निगम मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारी से बचाने में सफल रहता है. राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली का मेयर होने के नाते मैं एमसीडी के सभी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े कार्यों, उनके स्वाभिमान से जुड़े मुद्दों और अधिकार के साथ मजबूती से खड़ा हूं. उनके सभी अधिकारों की रक्षा भी मेरा प्रथम कर्तव्य है.