चांदनी चौक से गोपाल गर्ग भाजपा के मजबूत दावेदार
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
1 November 2025
दिल्ली में नगर निगम के 12 वार्डों में उपचुनाव की घोषणा हो गई है. इससे एक बार फिर से दिल्ली के राजनीतिक माहौल में गरमाहट आने लगी है. भाजपा व आम आदमी पार्टी, दोनों ने इसका स्वागत करते हुए जीत का दावा किया है. भाजपा के लिए इस चुनाव का विशेष महत्व है क्योंकि 27 वर्षों के बाद दिल्ली की सत्ता प्राप्त करने के बाद यह उसकी पहली चुनावी परीक्षा है.
भाजपा का प्रयास अपने कब्जे वाले वार्डों के साथ ही अन्य तीन में जीत प्राप्त करने का है. इसके लिए पार्टी रणनीति तैयार करने में लग गई है. भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि रेखा गुप्ता सरकार के आठ माह के काम का लाभ उसे निगम उपचुनाव में होगा. यमुना की सफाई, छठ पूजा का सफल आयोजन, प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना सहित इस सरकार की अन्य उपलब्धियां बताकर संबंधित वार्डो में वोट मांगने की रणनीति बनाई जा रही है.

भाजपा हर हालत में आम आदमी पार्टी के कब्जे वाले चांदनी महल,
चांदनी चौक और दक्षिणपुरी पर जीत हासिल करना चाहती है. ऐतिहासिक महत्व का चांदनी चौक वार्ड व्यापारिक बाहुल्य क्षेत्र है. इस क्षेत्र से क्लॉथ मार्केट व्यापार समिति के प्रधान गोपाल गर्ग भाजपा के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. वह दिल्ली भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं और व्यापारी वर्ग सहित आम लोगों के बीच वह एक अच्छे सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं. क्षेत्रीय सांसद प्रवीण खंडेलवाल के करीबी लोगों में उनकी गिनती होती है.
उपचुनाव वाले वार्डों में शालीमार बाग भी शामिल है. यहां से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पार्षद थीं
इन 12 में से नौ वार्डों पर भाजपा और तीन पर आप का कब्जा था.
कमलजीत सहरावत के पश्चिमी दिल्ली से सांसद चुने जाने के बाद पिछले वर्ष मई से ही द्वारका बी वार्ड में कोई पार्षद नहीं है. वहीं, फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता सहित आठ पार्षदों ने जीत हासिल की थी. आप के भी तीन पार्षदों के विधानसभा पहुंचने से रिक्त हुए वार्डों में उपचुनाव होना है.