75 वां संविधान दिवस: दिल्ली विधानसभा में उपराष्ट्रपति करेंगे कॉफी टेबल बुक का विमोचन
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
24 November 2025
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली पुलिस, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), उद्यान विभाग तथा विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर 75वें संविधान दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की. दिल्ली विधानसभा 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाएगी. जो 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान के अंगीकरण की ऐतिहासिक स्मृति को समर्पित है.

इस वर्ष के समारोह का मुख्य आकर्षण भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन द्वारा एक विशेष रूप से तैयार कॉफी टेबल बुक का विमोचन होगा. जो भारत के प्रथम निर्वाचित भारतीय स्पीकर विट्ठलभाई पटेल के 24 अगस्त 1925 को केंद्रीय विधान सभा के अध्यक्ष चुने जाने के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित की जा रही है.
कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे. विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह तथा दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा मंच पर उपस्थित रहेंगे.