कांग्रेस ने निकाली रसोई गैस सिलेंडर की शव यात्रा, भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
24 November 2025
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार को जगाने के लिए महिलाओं को होली और दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर के चुनावी वादे की मांग को लेकर रसोई गैस सिलेंडर की शव यात्रा निकाली.
देवेन्द्र यादव ने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने हेतू भाजपा की सोई हुई सरकार को जगाने के लिए सिलेंडर शव यात्रा का कार्यक्रम जंतर मंतर पर करने की अग्रिम सूचना पुलिस को देने के बावजूद हमें जनता के बीच यह कार्यक्रम नही करने दिया गया. भाजपा सरकार पुलिस को आगे करके अपनी दंबगई दिखाकर जिस तरह से विपक्ष को रोक रही है वह लोकतंत्र की हत्या है. जबकि संविधान में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है.

देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली की कांग्रेस शासित सरकार की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने दिल्ली को किरोसीन मुक्त और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए दिल्ली की हर महिला को रसोई गैस सिलेंडर दिया. दिल्ली की जहरीली हवा को खत्म करने के लिए ग्रीन कवर बढ़ाने सहित सीएनजी लाकर पूरे 15 वर्ष तक नियंत्रण में भी रखा. कांग्रेस ने सिलेंडर के दाम पर भी हमेशा नियंत्रण रखकर महिलाओं की परेशानी को खत्म करने की कोशिश की. लेकिन मौजूदा भाजपा और पिछले आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली के प्रदूषण को काबू में रखने के लिए झूठे वादो और दावों के सिवाय कुछ नही किया है.

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी का शासन भी देखा और अब पिछले 9 महीनों से भाजपा के झूठे वादों की सरकार को देख रहे है.