जल संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय सम्मान, किशोर जायसवाल को मिला राष्ट्रीय जल पुरस्कार
वी. एन. झा
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
18 November 2025
जल संरक्षण, मृदा सुधार और सामुदायिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किशोर जायसवाल को भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2025 (व्यक्तिगत श्रेणी) से सम्मानित किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया.

जायसवाल ने बिहार, झारखंड और विशेष रूप से अंग क्षेत्र (मुंगेर व भागलपुर मंडल) में वर्षा जल संचयन, वाटरशेड विकास, और गंगा पुनरुद्धार के लिए तीन दशकों से अधिक समय तक कार्य किया है. उन्होंने 10,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर जल संरचनाएँ विकसित कीं. जिससे भूजल स्तर में सुधार और कृषि उत्पादकता में वृद्धि हुई.
वे SWARD (सोसाइटी फॉर वाटरशेड एंड रूरल डेवलपमेंट) के निदेशक हैं और कई राष्ट्रीय संगठनों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा चुके हैं. जिनमें NFEI (नई दिल्ली), Indian Farmers Network (हैदराबाद), और प्रगतिशील कृषि मंच शामिल हैं. उनकी सोच है—“जल ही जीवन नहीं, जल ही भविष्य है.”