शराब और रिश्वत के मुद्दे पर आप को कांग्रेस ने घेरा

दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
27 November 2025

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विनोद नगर वार्ड से आम आदमी पार्टी की निगम प्रत्याशी गीता रावत और उनके पति का पैसे लेते हुए और संगम विहार वार्ड के चुनाव में बांटने हेतू लाई जा रही शराब पूर्व विधायक प्रकाश जरवाल की पत्नी की गाड़ी में पकड़ी गई, का वीडियों दिखाकर कांग्रेस ने अरविन्द केजरीवाल और उनकी पार्टी आप के कट्टर ईमानदार होने के दावों पर सवाल खड़े किए.

संवाददाता सम्मेलन को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव अभिषेक दत ने सम्बोधित किया. इस दौरान कम्युनिकेशन विभाग के वाईस चेयरमैन अनुज आत्रेय सहित विनोद नगर वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी विनय दूबे और संगम विहार वार्ड उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश चौधरी भी मौजूद थे.

संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए काजी निजामुद्दीन ने कहा 12 वार्डो में निगम उपचुनाव हो रहे है और जिस तरह से चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी के लोग विनोद नगर वार्ड में रिश्वत लेते हुए और संगम विहार वार्ड में शराब की खेप के साथ पकड़े गए है. इन घटनाओं के बाद क्या अरविन्द केजरीवाल अपने इन निगम प्रत्याशियों का नाम चुनाव से वापस लेंगे या चुनाव आयोग चुनाव प्रचार के दौरान रिश्वत लेते और शराब के साथ पकड़े लोगों की सच्चाई सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के निगम प्रत्याशियों का नामांकन रद्द करेगा. बेईमानी और मौकापरस्ती की पटरी पर चलकर राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी का भ्रष्टाचार से गहरा संबध है. उन्होंने भाजपा का मेयर बनाने के लिए चुनाव तक नही लड़ा और अब उप चुनावों में उनका कोई बड़ा नेता निगम प्रत्याशियों के साथ खड़ा नजर नही आता. यहां तक कि विनोद नगर में पूर्व विधायक मनीष सिसोदिया अभी तक बाहर नही निकले है.
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार और विनोद नगर से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद दूबे ने आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार को उजागर किया. जिसमें एक स्टिंग के माध्यम से विनोद नगर वार्ड उपचुनाव की प्रत्याशी गीता रावत और उनके पति क्षेत्रीय निवासी से 15 हजार रिश्वत लेते दिखाई दे रहे है. स्वयं गीता रावत भी इस राशि के बारे में बात करती दिखाई दे रही है. स्टिंग में 50 हजार में लैंटर को तोड़ने से रोकने की बात चल रही है. जिसमें 15 हजार लिए गए. उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी गीता रावत को सीबीआई ने 20 हजार रिश्वत लेते पकड़ा था. उन्होंने कहा कि हमने आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार को बार-बार उजागर किया है. शराब घोटाला जिसमें केजरीवाल ने दिल्ली को नशे की राजधानी बना दिया था. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध किया और शराब घोटालें में आरोपित लोगों को जेल तक जाना पड़ा.

अभिषेक दत्त ने कहा कि संगम विहार वार्ड में आम आदमी पार्टी के निगम प्रत्याशी अनिल शर्मा के चुनाव में इस्तेमाल के लाई जा रही मंहगी शराब पकड़े जाने पर कहा कि 2013 में अरविन्द केजरीवाल कहते थे अगर राजनीतिक दल चुनाव में पैसा या शराब का इस्तेमाल करते है तो इससे चुनाव प्रभावित होता है. ऐसा करने वालों की सदस्यता रद्द कर देनी चाहिए.
पूर्व विधायक प्रकाश जरवाल की पत्नी निगम पार्षद ज्योति कोहली की गाड़ी में पकड़ी गई महंगी शराब के साथ प्रत्याशी का साला साहिल गौतम पकड़ा गया है. उन्होंने कहा कि घर-घर नल से पानी देने की झूठ बोलने वाली आम आदमी पार्टी अपने शासन में दिल्ली वालों तक शराब पहुॅचाने का काम जरुर किया.
अभिषेक दत्त ने कहा कि अगर आज शाम तक अरविन्द केजरीवाल ने संगम विहार और विनोद नगर वार्ड से अपने प्रत्याशियों के नाम वापस नही लिए और चुनाव आयोग ने इनके नामांकन रद्द नही किया तो कांग्रेस कार्यकर्ता कल अरविन्द केजरवाल के घर का घेराव करेंगे और चुनाव आयोग में जाकर इनके नामांकन रद्द करने की मांग करेंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा आम आदमी पार्टी के सपोर्ट में खड़ी रहती है अगर भाजपा चाहे तो चुनाव आयोग इनकी सदस्यता रद्द कर सकता है. लेकिन भाजपा चुनाव जीतने के लिए आम आदमी पार्टी सहायक की भूमिका निभा रही है.

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *