गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस अब इज्जतनगर (बरेली) तक चलेगी
दिल्ली आजकल ब्यूरो @ दिल्ली
27 November 2025
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने आज रेल भवन, नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस को इज्जतनगर (बरेली) तक विस्तारित करने की घोषणा की है. इस विस्तार से उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में यातायात सुविधा में सुधार होगा और क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा. केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद इस रेल विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रहे थे.
इस अवसर पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 2014 से उत्तर प्रदेश में रेलवे के विकास में अभूतपूर्व काम हुआ है. उन्होंने कहा कि राज्य में 5,272 किलोमीटर की नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं, जो स्विट्जरलैंड के पूरे रेल नेटवर्क से अधिक है. राज्य में 100% रेलवे मार्गों का विद्युतीकरण किया जा चुका है. रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए रेलवे का बजट 2014 से पहले 1,109 करोड़ रुपये था, अब बढ़कर 19,858 करोड़ रुपये हो गया है. उन्होंने कहा कि राज्य के 157 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया जा रहा है. जिसमें से 10 स्टेशनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा चुका है. जितिन प्रसाद ने कहा कि इस विस्तार से छात्रों, किसानों और पर्यटकों को लाभ होगा. उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया कि उन्होंने पीलीभीत को प्राथमिकता दी है.
जितिन प्रसाद ने कहा कि इस रेल विस्तार से स्थानीय लोगों को कई तरह के लाभ होंगे. यहां पर व्यापारिक गतिविधियों का भी विकास होगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समस्त तराई क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों का विकास द्रुत गति से किया जा रहा है.