मेट्रो साइट के पास तैनात होंगे मार्शल
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
25 January 2026
नोएडा में एक निर्माणाधीन साइट पर किए गए गड्ढे के पानी में एक इंजीनियर के डूब कर मृत होने के बाद मेट्रो ने बड़ा निर्णय किया है. उसने अपने सभी निर्माण स्थलों के पास मार्शल तैनात करने का निर्णय किया है.
मेट्रो रेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस समय सर्दी का मौसम है. सर्दी के दौरान रात के समय दृश्यता कम होती है. जिसकी वजह से कई बार दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती है. यही वजह है कि मेट्रो ने अपने फेज -4 के निर्माणधीन सभी कॉरिडोर पर मार्शल तैनात करने का निर्णय किया है. पहले चरण में करीब ढाई सौ से अधिक मार्शल को तैनात किया जा रहा है. इनके पास एलईडी लाइट एवं ब्लिंकर्स की सुविधा भी होगी. जिससे दूर से ही वाहन चालकों को यह पता चल जाए कि यहां पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है.
इस अधिकारी ने कहा कि मेट्रो के निर्माण स्थलों के आसपास 20 किलोमीटर बैरिकेडिंग और 17 किलोमीटर एलईडी रोप लाइट और ब्लिंकर भी लगाए गए हैं. जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके.