“भारत दर्शन”: असम के युवाओं ने कर्तव्य पथ पर देखी गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
23 January 2026
भारत-नेपाल एवं भारत-भूटान की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती जनमानस को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में पिरोने के अपने संकल्प को दोहराते हुए, सशस्त्र सीमा बल ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया. गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार ‘नागरिक कल्याण कार्यक्रम’ के अंतर्गत, असम के तामुलपुर और बक्सा जिलों के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के युवाओं को देश की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास से रूबरू कराने के उद्देश्य से यह भ्रमण आयोजित किया गया.

64वीं वाहिनी, बरामा (असम) के कार्यक्षेत्र से आए 20 छात्र-छात्राओं का यह दल शुक्रवार को सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय, नई दिल्ली पहुँचा. इस अवसर पर छात्रों ने सशस्त्र सीमा बल की अपर महानिदेशक रेखा लोहानी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट की.

विदित हो कि यह ‘भारत दर्शन’ यात्रा केवल भ्रमण नहीं है बल्कि सुदूर पूर्वोत्तर के युवाओं के लिए शेष भारत को जानने और समझने का एक सशक्त माध्यम है. इस यात्रा का शुभारंभ 20 जनवरी 2026 को क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, रंगिया से उप-महानिरीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया था.
शुक्रवार का दिन इन युवाओं के लिए अत्यंत गौरवशाली और रोमांचक रहा. दल ने ऐतिहासिक कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस–2026 परेड समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया. भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, अनुशासन और देश की विविध संस्कृति की झांकियों को अपनी आँखों के सामने देख छात्र मंत्रमुग्ध हो गए. इसके उपरांत, बल मुख्यालय में आयोजित संवाद सत्र में अपर महानिदेशक रेखा लोहानी ने छात्रों का आत्मीय स्वागत किया.
छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि देश की सैन्य शक्ति और राजधानी की भव्यता को करीब से देखना उनके लिए जीवन बदलने वाला अनुभव है. जिसने उनके भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना और प्रगाढ़ की. अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में अपर महानिदेशक ने कहा कि, “युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं.” उन्होंने छात्रों को अनुशासन, कठिन परिश्रम और उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया. जिससै वे भविष्य में एक सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें. कार्यक्रम के अंत में छात्रों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और अपर महानिदेशक ने सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं.
अपने दिल्ली प्रवास को और अधिक ज्ञानवर्धक बनाते हुए, यह दल आगामी दो दिनों तक राजधानी के इतिहास और संस्कृति को गहराई से जानेगा. इस दल ने
22 जनवरी 2026 को कुतुब मीनार का भ्रमण किया था. वहीं, यह दल 24 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक का दौरा करेगा. जहाँ वे देश की आंतरिक सुरक्षा में बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की शौर्य गाथाओं से परिचित होंगे. साथ ही प्रधानमंत्री संग्रहालय और अक्षरधाम मंदिर का भ्रमण करेंगे. यह दल 25 जनवरी 2026 को दिल्ली के विभिन्न ऐतिहासिक स्मारक और सांस्कृतिक केंद्रों का अवलोकन करेंगे. जिससे छात्र भारत की गौरवशाली परंपरा और विविधता में एकता के मूल मंत्र को आत्मसात कर सकें.

इस अवसर पर महानिरीक्षक एम. आर. नायक, गणेश कुमार, सोमित जोशी सहित बल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे.