हिंदी नहीं सीखने पर भाजपा पार्षद रेनू चौधरी ने साउथ अफ्रीका मूल के कोच को धमकाया
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
22 December 2025
यमुना पार से भाजपा की पार्षद रेनू चौधरी का एक वीडियो सामने आने के बाद वह विवादों में घिर गई हैं. इस वीडियो में वह साउथ अफ्रीका मूल के एक फुटबॉल कोच को हिंदी नहीं सीखने पर धमकाते हुए नजर आ रही हैं. हालांकि पार्षद ने कहा है कि वह कोच को हिंदी सीखने के लिए इस वजह से कह रही थी कि इससे उनके और उनसे फुटबॉल खेल सीखने वालों के बीच बेहतर संवाद कायम हो सकेगा. इस समय भाषा की समस्या की वजह से बच्चे बेहतर तरीके से फुटबॉल खेलना नहीं सीख पा रहे हैं.
इस वायरल हुए वीडियो में पार्षद विदेशी नागरिक से हिंदी सीखने की बात कहती दिख रही हैं. जिसे कई लोगों ने नस्लीय भेदभाव और असहिष्णुता बताया है.
वीडियो में पार्षद का लहजा आक्रामक और चेतावनी भरा बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब अफ्रीकी नागरिक पार्क में शांतिपूर्वक समय बिता रहा था. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
कई यूजर्स ने इस व्यवहार को नस्लीय भेदभाव और विदेशी नागरिकों के प्रति असहिष्णुता करार दिया है.
इस मुद्दे पर अपनी सफाई देते हुए पार्षद रेनू चौधरी ने कहा है कि संबंधित अफ्रीकी नागरिक पिछले करीब 15 वर्षों से इलाके में रह रहे हैं और प्राइवेट तौर पर फुटबॉल कोचिंग देते हैं. उन्होंने कहा कि एमसीडी में काम करने वाले अधिकांश कर्मचारी अंग्रेजी नहीं जानते. जबकि अफ्रीकी कोच इतने वर्षों से रहने के बावजूद भी बुनियादी हिंदी नहीं समझते. जिससे संवाद में गंभीर समस्या पैदा हो रही है. पार्षद ने यह भी कहा कि उन्होंने किसी को धमकाने के इरादे से नहीं बल्कि संवाद को आसान बनाने के लिए हिंदी सीखने की सलाह दी थी.