मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुपर्व के अवसर पर पटना साहिब गुरुद्वारा में माथा टेका
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
5 November 2025

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बिहार विधानसभा में प्रचार अभियान जारी है. अपने तूफानी प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सबसे पहले तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में माथा टेका और बिहार व देश की शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना की.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि गुरुपर्व के इस पावन दिन पर पवित्र पटना साहिब में आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को धन्य महसूस कर रही हूं. बिहार की यह सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पूरे देश को प्रेरित करती है.
अपने प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला ओर कहा कि वह अपने चुनावी प्रचार अभियान में अब सेना को भी कीचड़ में घसीटने की कोशिश कर रहे हैं. यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.

पवित्र पटना साहिब में शीश नवाने के बाद मुख्यमंत्री ने अरवल, गया शहर और औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो और जनसभाओं को संबोधित किया. इन कार्यक्रमों के दौरान जनता में उत्साह देखने को मिला. वहां लोग नारे लगाते मिले कि “बिहार पकड़ चुका है रफ़्तार, जनता मांगे फिर से एनडीए सरकार.”
इस प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं की भी दमदार उपस्थिति थी.