सीएम रेखा गुप्ता ने 40 नई इलेक्ट्रिक बसों को किया रवाना
दिल्ली आजकल ब्यूरो @ दिल्ली
18 November 2025
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है. अपनी इसी योजना के तहत सरकार ने अपने आठ माह के कार्यकाल में 1,400 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारकर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है.
मुख्यमंत्री ने आज यह जानकारी आज़ादपुर स्थित नवनिर्मित डीटीसी के सुविधाओं से युक्त बस टर्मिनल के लोकार्पण में दी. उन्होंने राजधानी के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में शामिल की गई 40 नई इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ सरकार के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने भी बसों को हरी झंडी दिखाई. इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक राजकुमार भाटिया, परिवहन विभाग, डीटीसी के अन्य विभागों के गणमान्य जन उपस्थित थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दिल्ली में दिखाई देने वाला हर परिवर्तन जनता के एक-एक वोट की ताकत का परिणाम है. जनता ने बदलाव को चुना और सरकार ने उसे विकास और सेवा में परिवर्तित करके दिखाया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान दिल्ली की परिवहन व्यवस्था उपेक्षित रही. लेकिन वर्तमान सरकार ने केवल आठ महीनों में 1,400 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारकर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है. दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को विश्वस्तरीय बनाने और साथ ही प्रदूषण कम करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है.
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आज़ादपुर बस टर्मिनल का पुनर्विकास दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में यात्री सुविधाओं, सुरक्षित यात्रा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक परिवहन के क्षेत्र में तेज़ी से सुधार हो रहा है. उन्होंने बताया कि यह नया टर्मिनल आधुनिक वेटिंग एरिया, बेबी-फीडिंग रूम, बस पास अनुभाग, लॉकर, यात्री उपयोगिताएं, शैड वाले प्लेटफ़ॉर्म, सोलर पैनल, सीसीटीवी, बायो–डाइजेस्टर और ग्रीन एनर्जी आधारित प्रणाली जैसी सुविधाओं से युक्त है.
उन्होंने यह भी बताया कि आज से शुरू की गई 40 इलेक्ट्रिक बसें लो-फ्लोर, एयर–कंडीशंड, सीसीटीवी, पैनिक बटन एवं रियल-टाइम ट्रैकिंग सुविधाओं से युक्त हैं. उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग रूट-डिमांड के आधार पर लगातार बसों की संख्या बढ़ा रहा है और यह प्रक्रिया आगे भी तेज़ी से जारी रहेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल स्क्रीन, साइनेज और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली भी उपलब्ध कराई गई है. बस टर्मिनल से 21 प्रमुख मार्गों पर कुल 116 बसों का संचालन किया जाएगा, जिनमें अधिकतर इलेक्ट्रिक बसें होंगी.