WhatsApp Image 2025-11-18 at 9.41.05 PM

यमुना नदी पर प्रस्तावित क्रूज़ सेवा की तैयारियों का हुआ उच्च-स्तरीय निरीक्षण

दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
18 November 2025

दिल्ली के सोनिया विहार में यमुना नदी पर शुरू होने जा रही क्रूज़ सेवा की तैयारियों का उच्च-स्तरीय निरीक्षण किया गया. जिसमें केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना, दिल्ली सरकार में जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने संयुक्त रूप से भाग लिया.

निरीक्षण के दौरान परियोजना से जुड़े प्रमुख विकास कार्यों जैसे जेट्टी निर्माण, सुरक्षा तंत्र, यात्री सुविधाएँ और क्रूज़ रूट प्लानिंग की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया गया.

यह परियोजना केंद्र सरकार, उपराज्यपाल कार्यालय और दिल्ली सरकार के समन्वित सहयोग से तेजी से आगे बढ़ रही है यमुना पर क्रूज़ सेवा का उद्देश्य दिल्ली में जल-परिवहन को सुदृढ़ करना. पर्यटन को नई दिशा देना. आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा यमुना के पुनर्जीवन प्रयासों को मजबूत करना है.

संयुक्त निरीक्षण के बाद पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यमुना पर पहली बार क्रूज़ सेवा की होने वाली शुरुआत दिल्ली के पर्यटन में होने जा रहे ऐतिहासिक बदलाव का संकेत है. यह सेवा दिल्ली को विश्व-पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और यमुना से जुड़ी सांस्कृतिक पहचान को पुनर्जीवित करने का एक बड़ा कदम है. यह नई दिल्ली का नया आत्मविश्वास है.

यमुना नदी पर दिल्ली की पहली क्रूज़ सेवा राजधानी दिल्ली में जल-परिवहन प्रणाली को आधुनिक रूप देने की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है. सोनिया विहार क्षेत्र में जेट्टी निर्माण, यात्री सुविधाएं, सुरक्षा ढांचा और रूट योजना जैसे सभी कार्य तेज़ी से प्रगति पर हैं. सोनिया विहार से जगतपुर तक इस जल परिवहन से जुडी परियोजना का उद्देश्य न केवल पर्यटन को बढ़ावा देना है बल्कि नदी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण-संवेदनशील परिवहन प्रणाली विकसित करना भी है. इसके माध्यम से दिल्ली में रोजगार अवसरों में वृद्धि होगी, पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यमुना का महत्व व्यापक स्तर पर पुनर्स्थापित होगा.

इस परियोजना के लिए इन्लैंड वाटरवेज़ अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IWAI) जो कि केंद्र सरकार के बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अधीन कार्यरत है ने दिल्ली सरकार के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं. यह एमओयू सोनिया विहार से जगतपुर तक रिवर क्रूज़ टूरिज्म को सशक्त करने और यमुना को ‘दिल्ली की नई पहचान’ के रूप में विकसित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक सहयोग का आधार बनेगा.

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *