सीएम की सख्ती, भ्रष्टाचार के आरोप में कापसहेड़ा सब—रजिस्ट्रार और महरौली तहसीलदार निलंबित
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
30 December 2025
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भ्रष्टाचार के आरोप में कार्रवाई करते हुए कापसहेड़ा के सब—रजिस्ट्रार और महरौली के तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह संभवत: पहली बार है कि जब सब—रजिस्ट्रार के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई की गई हो.

इसके अलावा मुख्यमंत्री के निर्देश पर कापसहेड़ा के एक डीड राइटर का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है. इन सभी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगातार मिल रहे थे.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा. जनता ने हमें यहां पर इसलिए चुनकर भेजा है कि सार्वजनिक और सरकारी कार्यालय में उनको सुगम और भ्रष्टाचार मुक्त सेवा हासिल हो.
उन्होंने कहा कि ऐसे सभी सरकारी कर्मचारी जो जनता के कार्यो से सीधे जुड़े हुए हैं. उनसे इमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है. यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही बरतने और भ्रष्टाचार करने का आदि है तो उसके खिलाफ निलंबन से लेकर बर्खास्तगी तक के सख्त फैसले लिये जाएंगे. इसे मामले से अन्य लोगों को भी सीख लेनी चाहिए.
—