वोट चोरी के खिलाफ कड़ी निगरानी रखने के लिए कांग्रेस की पांच सदस्यीय बूथ स्तर की टीमें
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
7 November 2025
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस की बूथ प्रबंधन कमेटी 30 नवंबर को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के आगामी उपचुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बूथ स्तर की टीमें पिछले 9 महीनों में भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार द्वारा जनविरोधी शासन और भाजपा के वोट चोरी की साजिश के बारे में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए घर-घर जा रही हैं.
देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस की बूथ-स्तरीय टीमें मतदाताओं को चुनाव आयोग के साथ मिलकर भाजपा की वोट चोरी के बारे में सतर्क रहने की चेतावनी दे रही हैं. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में भाजपा के सत्ता चोरी का नवीनतम खुलासा करके बिहार चुनाव से पहले जनता के समक्ष भाजपा का असली चेहरा उजागर कर दिया है.
यादव ने कहा कि बिहार में पहले चरण के मतदान में जिस तरह रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज हुई और वहां वोट चोरी के कारण सार्वजनिक रुप से भाजपा का विरोध हो़ रहा है. उससे साफ हो रहा है कि राज्य में वोट चोरों को बाहर का रास्ता प्रशस्त हो रहा है.
देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने पिछले 18 वर्षों में एमसीडी को भ्रष्टाचार, अक्षमता और निष्क्रियता के साथ नष्ट कर दिया है.
देवेंद्र यादव ने कहा कि उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार वे होंगे. जो संबंधित वार्डों में जमीन से जुड़े है और वार्ड में अच्छी पहचान और लोगों के साथ लगातार सम्पर्क में रहते हैं. मतदाताओं को उनके सामाजिक कार्यों से परिचित कराते हैं. उन्होंने कहा कि मतदाता अब भ्रष्ट आम आदमी पार्टी और भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए दृढ़ निश्चय कर चुके है क्योंकि दोनों जनविरोधी और दिल्ली की समस्याओं से निपटने में निष्क्रिय साबित हो रहे हैं.
प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के निर्देशानुसार दिल्ली कांग्रेस बूथ प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष राजेश गर्ग ने प्रत्येक बूथ पर पांच सदस्यीय कमेटी का गठन करके इन बूथ स्तरीय टीमों को बूथ प्रबंधन में प्रशिक्षित किया है. जो मतदाता सूची के साथ छेड़छाड़ और वोट चोरी के खिलाफ वार्डों में कड़ी निगरानी रखेंगे. उन्होंने कहा कि अगर चुनाव पारदर्शी तरीके से हुए तो कांग्रेस एमसीडी उपचुनावों में विजयी होगी.