दिल्ली की जनता विश्वास भरी आंखों से कांग्रेस की ओर देख रही है- देवेंद्र यादव
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
16 November 2025
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली में पिछले 12 वर्षों से निगम और दिल्ली की सत्ता पर भाजपा और आम आदमी पार्टी की सत्ता में दिल्ली की अनाधिकृत, पुनर्वास और जे.जे. कॉलोनियों में जिस कदर बदहाली और गंदगी फैली है. उससे इन झूठी, मक्कार, धोखेबाज और मौकापरस्त पार्टियों का असली चेहरा उजागर हो चुका है. भाजपा और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लोगों का वोट लेकर सिर्फ धोखा ही दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी के खोखले और झूठे वादों से निराश दिल्ली की जनता अब विश्वास भरी आंखों से कांग्रेस की ओर देख रही है.

देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विधानसभा चुनावों की तरह निगम उपचुनावों एक बार फिर दिल्ली के लोगों से वादा खिलाफी करके 12 वार्डों में वोट मांग रही है. लेकिन दिल्ली की जनता अब इनकी वादा खिलाफी को पहचान चुकी है. आम आदमी पार्टी हो या भाजपा सरकार, दोनो ने लोगों को सिर्फ धोखा ही दिया है. बारह वर्ष आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के गरीब झुग्गीवालों को उजाड़ा और पिछले 9 महीनों से भाजपा ने भी दिल्ली से झुग्गीवालों को उजाड़ने का काम किया है.
देवेन्द्र यादव ने रविवार को निगम उपचुनाव प्रचार में संगम विहार-ए वार्ड नम्बर 163 से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश चौधरी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि संगम विहार की जनता पहले आम आदमी पार्टी और अब भाजपा का दोहरा दंश झेल रही है. यहां जे.जे. कलस्टर, पुनर्वास और अनाधिकृत कालोनियों में रहने वाले लोग गंदगी, टूटी सड़कें और नालियों के बीच रहने को मजबूर है. दोनों सरकारों ने विकास, कल्याण कीकोई योजना यहां लागू नही की. लोगों ने खुद देवेंद्र यादव को बताया कि जितनी भी नालियां और सड़क, बारात घर बने है. वे कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार के समय के बने है. जो अब जर्जर हो चुके हैं. केजरीवाल और रेखा गुप्ता ने यहां कोई काम नही किया है.
देवेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की विधानसभा के शालीमार बाग वार्ड में भी उपचुनाव है. सरकार ने शालीमार बाग वार्ड में झुग्गी को उजाड़कर हजारों लोगों को बेघर कर दिया है. यहां लगभग 1600 लोगों के लिए सिर्फ 2 सार्वजनिक टायलट है. एक महिलाओं और एक पुरुषों के लिए है. लोगों को शौच के लिए काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है.
अधिकतर लोग खुले में शौच करने को मजबूर है. न तो कोई सफाई का इंतजाम है और नही कूड़े को फैंकने के लिए कोई नजदीक कूड़ाघर है. गंदगी के कारण मच्छर से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. लोगों का कहना है कि हमें मजबूरी में नहर में कूड़ा फैंकना पड़ रहा है.
देवेन्द्र यादव ने कहा कि निगम उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घर-घर चुनाव प्रचार कर रहे है. कांग्रेस उम्मीदवार दिल्ली की जनता को फिर एक बार धोखे से बचने के लिए और कांग्रेस के हाथ पर निशान वाला बटन दबाकर बदलाव लाने की अपील कर रहे है. यादव ने चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली के लोगों से पूछा कि घरों के नल तक पीने का पानी, यमुना सफाई, प्रदूषण मुक्त दिल्ली, गंदगी और कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति, व्यवस्थित सड़के, नाली, नाले क्या किसी भी काम को भाजपा ने पिछले 9 महीनों में करने की शुरुआत की है?