स्पेशल सेल की महिला कमांडो की पति ने बेरहमी से की हत्या
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
30 January 2026
एक बार फिर यह सामने आया है कि घरेलू हिंसा की शिकार केवल अशिक्षित और अबला महिलाएं ही नहीं होती हैं. सच यह है की पढ़ी-लिखी और शारीरिक -मानसिक रूप से मजबूत महिलाएं भी घरेलू हिंसा का शिकार होती हैं. पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. जिसमें दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में बतौर स्वैट कमांडो तैनात एक महिला की उसके पति ने हत्या कर दी. वह 4 महीने की गर्भवती थी. यह आरोप है कि महिला के पति ने उसे बेरहमी से पीटा, उसके सिर पर वर्जिश करने वाले डंबल से हमला किया. उसका सिर लगातार चौखट से टकरा कर उसे लहूलुहान कर दिया. इतना ही नहीं, उसने ऐसा करने से पहले महिला के भाई को फोन करके यह जानकारी दी कि वह उसकी बहन की हत्या करने वाला है. महिला का भाई भी दिल्ली पुलिस में सिपाही है.
पुलिस के मुताबिक 27 साल की काजल चौधरी और उसके पति अंकुर के बीच विवाद चल रहा था. काजल चौधरी किसी भी तरह से अपनी शादी बचाना चाहती थी. वह अपने पति को कॉलेज के दिनों से जानती थी. वर्ष 2022 में उसने दिल्ली पुलिस में बतौर कांस्टेबल नौकरी शुरू की. वह अनुशासन और पक्के इरादे वाली समर्पित पुलिसकर्मी थी. काजल ने कठिन कमांडो ट्रेनिंग पूरी की और स्पेशल सेल की एलीट सवैट यूनिट में पोस्टिंग हासिल की.

यह बताया जा रहा है कि काजल का पति अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क है और दिल्ली कैंट में तैनात है. वह काजल को लगातार छोटी-छोटी बात पर तंग करता रहता था. उसने 22 जनवरी को काजल के भाई को आधी रात के समय फोन किया था. काजल का भाई निखिल भी दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है. यह बताया जा रहा है कि अंकुर ने निखिल को कहा कि वह अपनी बहन को समझा ले. जब निखिल ने काजल से बात की तो अंकुर ने फोन छीन लिया और कहा इस कॉल को रिकॉर्डिंग पर रख ले. पुलिस एविडेंस में तेरे काम आएगा. मैं तेरी बहन को मार रहा हूं. दिल्ली पुलिस मेरा कुछ नहीं कर पाएगी. इसके बाद निखिल ने काजल की चीखें सुनी और कॉल कट गया. यह बताया जा रहा है कि इसके 5 मिनट बाद फिर निखिल को फोन आया. इस बार अंकुर ने उसे कहा कि यह मर गई है. अस्पताल आ जाओ. जब परिवार पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचा तो काजल गंभीर थी. उसका सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था. वह अस्पताल में 5 दिन जिंदगी और मौत के बीच जंग करती रही. इसके बाद उसने दम तोड़ दिया. पुलिस का कहना है कि वह इस मामले में जांच कर रही है.