दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने रेखा सरकार पर किया हमला, कहा- जीभ हिलाने से नहीं काम करने से होगा समस्या का निदान
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
27 November 2025
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भाजपा की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शब्दों और कार्यों में बड़ा अंतर है. इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की प्रतीकात्मक जीभ का भी प्रदर्शन किया. रेखा गुप्ता की 100 मीटर लंबी जीभ को प्रतीकात्मक रूप से दिखाते हुए देवेंद्र यादव ने उनके चुनावी वादों पर उनकी चुप्पी का वीडियो दिखाया.

देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की बयानबाजी इतनी बढ़ गई है कि वह कहती हैं कि उनके मंत्री हर दिन कूड़े के पहाड़ों पर जाते हैं और उन्हें कूड़े के पहाड़ों पर जाना ही होगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जीभ इतनी लंबी हो गई है कि वे दिल्ली के एक्यूआई को दिल्ली का आईक्यू बता रही हैं.

देवेंद्र यादव ने कहा कि रेखा गुप्ता की सरकार ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को 2500 रुपये देने, होली और दिवाली पर मुफ्त सिलेंडर देने, यमुना की सफाई करने, प्रदूषण को कम करने, बसों की कमी को दूर करने, सड़कों की मरम्मत करने, राशन कार्ड बनाने और बुजुर्गों को पेंशन देने के वादे पर मुख्यमंत्री चुप हैं. देवेंद्र यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मुख्यमंत्री के कूड़े के पहाड़ पर जाने के आह्वान पर अमल करें और अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को बताएं कि दिल्ली की समस्याओं का समाधान शब्दों से नहीं बल्कि कार्यों से होगा.
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, सचिव प्रभारी एवं पूर्व विधायक दानिश अबरार, पूर्व मंत्री दिल्ली सरकार हारुन युसूफ, अ0भा0क0कमेटी के सचिव अभिषेक दत्त मौजूद थे.