दिल्ली में पानी की समस्या: सरकार की घोषणाएं गुमराह करने वाली – देवेंद्र यादव
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
16 January 2026
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने रेखा गुप्ता सरकार की 3 करोड़ की आबादी के अनुपात में 52 लाख लोगों को 24 घंटे पानी देने की घोषणा को पूरी तरह से लोगों को गुमराह करने वाली बताया है. उन्होंने कहा कि सरकार की घोषित योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावित नहीं हो रही हैं.
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में 60 प्रतिशत आबादी दूषित पानी पीने को मजबूर है. जबकि दिल्ली में गरीब बस्तियों सहित 30-40 प्रतिशत लोगों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता है. उन्होंने कहा कि जल माफिया लगातार प्रभावी रूप से सक्रिय हो रहा है.
देवेंद्र यादव ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार नियंत्रित दिल्ली जल बोर्ड दिल्ली के लोगों को पर्याप्त जल देने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है. उन्होंने कहा कि सरकार को पुरानी पाइप लाइनों को बदलने, पानी की गुणवत्ता बनाए रखने, नए जल स्रोतों को जोड़ने, जल शोधन क्षमता बढ़ाने और रख रखाव की जिम्मेदारी लेनी चाहिए.
पानी की समस्या के कारण
- 5200 किमी पाइप लाइन 30 वर्ष पुरानी और 2700 किमी पाइप लाइन 20 वर्ष पुरानी है.
- 50 प्रतिशत पुरानी पाइप लाइनों के अंदरूनी टूटे होने से पानी दूषित होता है और लीकेज से आधा पानी बह जाता है.
- दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, दिल्ली की आबादी के लिए 1290 एमजीडी पानी की जरुरत है. जबकि मौजूदा समय में सिर्फ 1005 एमजीडी पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है.