दिल्ली सरकार 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर करेगी शुरू, संख्या बढ़कर 319 होगी
दिल्ली आजकल ब्यूरो, दिल्ली
13 January 2026
दिल्ली सरकार विस्तार के 5 वें चरण के तहत 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली की जनता को समर्पित करेगी. जिससे राजधानी दिल्ली में वार्ड और मोहल्ला स्तर पर प्राइमरी हेल्थकेयर सेवाओं को और ज्यादा मजबूती मिलेगी. इस बढ़ोतरी के साथ राजधानी दिल्ली लॉन्ग-टर्म प्राइमरी हेल्थकेयर रोडमैप के तहत तय किए गए 1100 से ज़्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थापना की दिशा में लगातार तेजी से आगे बढ़ रही है.
दिल्ली में अभी 238 आयुष्मान आरोग्य मंदिर काम कर रहे हैं. बुधवार को 81 नए आरोग्य मंदिरों के उद्घाटन के बाद नेशनल कैपिटल रीजन में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की कुल संख्या बढ़कर 319 हो जाएगी. आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली सरकार के हर घर के पास मुफ्त, सुलभ और सम्मानजनक प्राइमरी हेल्थकेयर देने के मिशन में एक महत्वपूर्ण कदम हैं.
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली के प्रत्येक नागरिकों तक प्राइमरी हेल्थकेयर पहुंचाने के तरीके को तेजी से बदलने का काम कर रहा है. ये सेंटर यह सुनिश्चित करते हैं कि इलाज, दवाएं और मेडिकल टेस्ट पूरी तरह से मुफ्त और लोगों की पहुंच के आसपास मिले.